सारण में दो दिवसीय पंच सम्मेलन शुरू, पंचायत प्रतिनिधियों को विकसित भारत-जी रामजी अधिनियम 2025 की दी गई जानकारी
छपरा, 07 अगस्त | सारण में विकसित भारत-जी रामजी अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार से दो दिवसीय पंच सम्मेलन की शुरुआत हुई। ग्रामीण विकास विभाग, बिहार के निर्देश पर आयोजित इस सम्मेलन का उद्घाटन जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से लागू करने की अपील की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
सम्मेलन के पहले दिन जिले के सभी मुखिया, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ), कनीय अभियंता (जेई), पंचायत तकनीकी सहायक (पीटीए), लेखापाल और पंचायत रोजगार सेवक (पीआरएस) शामिल हुए। वहीं दूसरे दिन पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य तथा कंप्यूटर ऑपरेटर और कार्यपालक सहायक सम्मेलन में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को VB-GRAMG अधिनियम, 2025 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अलावा विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP), आत्मनिर्भर और समृद्ध पंचायतों के निर्माण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
सम्मेलन के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए। साथ ही उनकी समस्याओं और शंकाओं का समाधान करने का प्रयास किया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें: सारण में स्मार्ट पैथोलॉजी सेवा, 87 तरह की मुफ्त जांच
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, निदेशक एनईपी डीआरडीए सुमिता कुमारी समेत ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ