सारण में इंफ्रा परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, डबल डेकर समेत सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
छपरा, 01 अगस्त | सारण जिले में सड़क, पुल और भवन निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। साथ ही जिन योजनाओं में प्रशासनिक या तकनीकी बाधाएं हैं, उनका तत्काल समाधान कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग और बुडको की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर देते हुए अंचल अधिकारियों को रैयतों से अधिक से अधिक वाउचर प्राप्त करने और भुगतान की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी होने से परियोजनाओं का कार्य भी बिना बाधा आगे बढ़ सकेगा।
यह भी पढ़ें: छपरा नगर निगम: 6 पार्षदों के निलंबन पर सरकार सख्त, महापौर से जवाब तलब
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास मित्र, आवास सहायक और अन्य पंचायत स्तरीय कर्मियों की मदद से गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जाए। माइकिंग, विशेष शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से रैयतों को वाउचर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि भूमि अधिग्रहण का कार्य समय पर पूरा हो सके।
समीक्षा के दौरान शहर की बहुप्रतीक्षित डबल डेकर परियोजना पर भी विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बाजार समिति परिसर में बारिश के कारण कीचड़ और आवागमन में हो रही परेशानी पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
इसके अलावा भवन निर्माण विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं, विशेषकर सहकार भवन, की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें: छपरा में मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर संगोष्ठी, विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा
बैठक के अंत में डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी अड़चन है, उसका तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही भुगतान संबंधी मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित कर निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाए।


0 टिप्पणियाँ