सारण: डीएम-एसएसपी ने युवाओं को दिलाई नशामुक्त भारत की शपथ, जिलेभर के कॉलेजों और प्रखंडों में चला अभियान
छपरा, 02 अगस्त | विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत सारण जिले में रविवार को नशा मुक्ति युवा अभियान चलाया गया। जिले के सभी 10 महाविद्यालयों और सभी प्रखंड मुख्यालयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम जगदम कॉलेज, छपरा में हुआ, जहां जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम और एसएसपी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
अभियान के तहत जिले के सभी महाविद्यालयों और प्रखंड मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सामूहिक श्रवण भी कराया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, नेहरू युवा केंद्र संगठन के स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ग्रहण की।
जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही। सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए। प्रशासन ने लोगों से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: अवैध शराब, खनन और अतिक्रमण पर डीएम सख्त, 211 जब्त वाहनों की नीलामी होगी




0 टिप्पणियाँ