बिहार विधान परिषद के 8 नए MLC कल ले सकते हैं शपथ, आज जारी होगी आधिकारिक अधिसूचना
बिहार विधान परिषद् में नए राजनीतिक समीकरणों और नए चेहरों के साथ एक नए कार्यकाल की शुरुआत अब बेहद करीब आ चुकी है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से नवनिर्वाचित हुए आठ विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अपने आखिरी दौर में पहुंच गई है। इसे लेकर आज (मंगलवार को) मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
कल हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद, राज्यपाल महोदय शपथ ग्रहण की तिथि तय करने के लिए विधान परिषद के सभापति को अधिकृत करेंगे। प्रशासनिक गलियारों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, सब कुछ ठीक रहा तो कल यानी बुधवार (18 नवंबर) को विधान परिषद के सभापति सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिला सकते हैं।
यह भी पढ़ें: परसा में नहर में डूबने से तीन वर्षीय अंश की मौत, छठ की खुशियां मातम में बदलीं
सदन में दिखेंगे कई नए चेहरे, बदलेगी तस्वीर
गौरतलब है कि विधान परिषद की इन 8 सीटों पर हुए द्विवार्षिक चुनाव के बाद वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल पहले ही 16 नवंबर को समाप्त हो चुका है। नए सदस्यों के शपथ लेते ही परिषद में एक नए कार्यकाल का औपचारिक आगाज हो जाएगा। इस बार के चुनाव परिणामों के बाद सदन की अंदरूनी तस्वीर भी बदली हुई नजर आएगी, जिसमें कुछ पुराने चेहरे अब सदन में दिखाई नहीं देंगे और उनकी जगह नए सदस्य जिम्मेदारी संभालेंगे।

0 टिप्पणियाँ