Advertisement

बिहार में बालू लदे ट्रक से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

बिहार में सड़क हादसा: बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

बिहार में बालू लदे ट्रक से बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

दरियापुर (सारण)। डेरनी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग को रौंद दिया। हादसे में सूतीहार बथानी निवासी दीना राय की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक पैर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, दीना राय स्व. जयनारायण राय के पुत्र थे। गुरुवार को वह साइकिल से अपने घर से डेरनी बाजार में साप्ताहिक खरीदारी करने जा रहे थे। इसी दौरान दिघवारा-भेल्दी मुख्य मार्ग पर डेरनी थाना के समीप डेरनी पकड़ी के पास दिघवारा की ओर से आ रहे बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी।

घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। बताया जाता है कि सूतीहार देवी मंदिर के समीप ट्रक पर सवार सहचालक को छोड़कर चालक भाग निकला। गुरुवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण सड़क पर काफी भीड़ और वाहनों की आवाजाही थी। राहगीरों ने मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सड़क पर आवागमन बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर पहुंच पुलिस

सूचना मिलने पर डेरनी पुलिस सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों का परिचालन वैकल्पिक मार्ग से शुरू कराया। मृतक की पत्नी लाडो देवी और पुत्र नागेंद्र राय, राजू राय तथा संतोष राय का रो-रोकर बुरा हाल था।

बालू लदे ट्रकों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में बालू ढुलाई को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया। परिजनों की मांग थी कि बालू की ढुलाई करने वाले ट्रक मालिकों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना था कि बालू बंदी के बावजूद इस मार्ग पर बालू लदे भारी वाहनों का परिचालन जारी है।

यह भी पढ़ें: सारण में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में दो गिरफ्तार, बंदूक और कारतूस जब्त

ग्रामीणों के अनुसार, दिघवारा-भेल्दी मुख्य मार्ग पर सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक बालू लदे भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग क्षेत्र के बुद्धिजीवियों द्वारा कई बार सारण जिलाधिकारी से की जा चुकी है। इसके बावजूद परिचालन जारी रहना दुर्घटनाओं को निमंत्रण देने जैसा है। मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद प्रभावी रोकथाम नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ