Advertisement

धनतेरस की रात सारण के दो मंदिरों में चोरी, 150 साल पुरानी मूर्तियां गायब

धनतेरस की रात चोरों ने दो मंदिरों को बनाया निशाना, छपरा से 150 साल पुरानी मूर्तियां गायब

छपरा के नई बाजार स्थित प्राचीन राम-जानकी मंदिर।

छपरा/मशरक: धनतेरस की रात जब लोग दीपोत्सव की तैयारियों में जुटे थे, उसी दौरान सारण में चोर मंदिरों को निशाना बना रहे थे। जिले में दो अलग-अलग जगहों पर मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। छपरा शहर के नई बाजार स्थित प्राचीन राम-जानकी मंदिर से करीब 150 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा के सामान चोरी कर लिए गए। वहीं, मशरक के चरिहारा गांव स्थित मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोर करीब 20 हजार रुपये नकद ले गए।

सुबह पूजा के लिए पहुंचे तो गायब मिलीं प्राचीन मूर्तियां

छपरा शहर के नई बाजार स्थित जय नारायण जी के राम-जानकी मंदिर में चोरी की जानकारी सुबह उस समय हुई, जब पुजारी नियमित पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में राम-जानकी, राधा-कृष्ण समेत अन्य देवी-देवताओं की करीब 150 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्तियां गायब थीं।

चोर मूर्तियों के साथ पूजा और भोग में इस्तेमाल होने वाले प्राचीन अष्टधातु के बर्तन तथा पीतल का घंटा भी ले गए। पुजारियों के मुताबिक, पुरानी परंपरा के अनुसार धनतेरस की रात मंदिर का मुख्य दरवाजा खुला रखा जाता है। आशंका है कि चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

मंदिर में मौजूद पत्थर और मिट्टी की अन्य मूर्तियों को चोरों ने नहीं छुआ। इससे माना जा रहा है कि उनका निशाना खास तौर पर अष्टधातु की कीमती मूर्तियां और धातु के सामान थे। मंदिर के अंदरूनी हिस्से में सुरक्षा घेरा और ताले की व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई है।

मंदिर परिसर में सोते रहे पुजारी, टूट गया दानपात्र

दूसरी घटना मशरक थाना क्षेत्र के चरिहारा गांव स्थित राम-जानकी शिव मंदिर की है। यहां अज्ञात चोरों ने दानपात्र तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को दानपात्र टूटा हुआ मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई।

बताया जाता है कि वारदात के समय पुजारी फलाहारी बाबा मंदिर परिसर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। घटना की सूचना पर कांग्रेस नेता शैलेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर किसी की संलिप्तता की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मंदिरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

धनतेरस की एक ही रात दो मंदिरों में चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। खासकर छपरा के मंदिर से करीब दो शताब्दी पुरानी मूर्तियों की चोरी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। श्रद्धालु चोरी गई मूर्तियों की जल्द बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: दरोगा से हाथापाई और चाकूबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन, सारण पुलिस ने आरोपी को दबोचा

मशरक थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। दोनों घटनाओं के खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर अब पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ