Advertisement

दरोगा से हाथापाई और चाकूबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन, सारण पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सारण: पहलेजा घाट में पैसे के विवाद पर बवाल, दरोगा से धक्का-मुक्की और चाकू लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार

सारण के पहलेजा घाट में बकाया पैसे के विवाद और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी खबर

सारण (बिहार): जिले के पहलेजा थाना क्षेत्र के पहलेजा घाट स्थित कसमर बाजार में बकाया रुपये के लेनदेन को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस मामले में पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है।

वायरल वीडियो और पुलिस का एक्शन

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण का कहना है कि 6 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और हाथापाई करते हुए नजर आ रहा था। इस संबंध में पहलेजा थानाध्यक्ष को रुपये के लेनदेन से जुड़ा एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसके बाद गश्ती पदाधिकारी को जांच के लिए भेजा गया था।

जांच के दौरान हाथ में चाकू लेकर धमका रहा था आरोपी

थानाध्यक्ष के निर्देश पर जब पुलिस टीम आवेदक की फास्ट फूड दुकान पर पहुँची, तो पाया कि उत्तर सबलपुर नेबल टोला निवासी राजेश कुमार राय (पिता-महेश राय) अपने हाथ में चाकू लेकर आवेदक के साथ मारपीट कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। गश्ती पदाधिकारी द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी उनके साथ ही अभद्र व्यवहार और हाथापाई करने लगा, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

अतिरिक्त बल की मदद से गिरफ्तारी और प्राथमिकी

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया, जिसके सहयोग से आरोपी राजेश कुमार राय को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक चाकू भी जब्त किया है। इस संबंध में पहलेजा थाना कांड संख्या-206/26, दिनांक 06.11.2026 दर्ज कर ली गई है तथा गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:  बकाया पैसे के विवाद में हंगामा, दरोगा की वर्दी फाड़ने का आरोप, थाने का गेट बंद

वहीं, दूसरी ओर घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ भी थाने के बाहर जुट गई थी और ग्रामीणों का कहना था कि युवक केवल अपना बकाया पैसा मांगने गया था, जहाँ विवाद बढ़ने पर यह स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस पूरे मामले की गहनता से कानूनी जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ