सारण में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में दो गिरफ्तार, बंदूक और कारतूस जब्त
छपरा (सारण)। जिले के कोपा थाना क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने और ग्रामीणों के साथ हंगामा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक एकनाली बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
घटना 16 नवंबर की देर रात करीब 11:30 बजे की है। पुलिस के अनुसार, कोपा थाना क्षेत्र के हरदी गांव में दो व्यक्ति ग्रामीणों के साथ हल्ला-गुल्ला और गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति के हाथ में बंदूक देखकर और फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले और डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही कोपा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर दोनों व्यक्ति हंगामा करते हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक एकनाली बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के हरदी छपरा गांव निवासी कामेश्वर सिंह के पुत्र नवीन कुमार सिंह और भटवलिया गांव निवासी विनय शर्मा के पुत्र सिन्धु शर्मा के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: बिहार; सारण में सुबह छाया घना कोहरा, ठंडी हवाओं से बढ़ी कनकनी
हथियार और कारतूस जब्त
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक एकनाली बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा जब्त किया है। इस मामले में कोपा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में कोपा थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे।

0 टिप्पणियाँ