Advertisement

छपरा में स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश; लापरवाही पर होगी कार्रवाई

आम लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवा देना हमारी प्राथमिकता" —  वैभव श्रीवास्तव, जिला पदाधिकारी

#छपरा, 24 जून | जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर जिलापदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक मंगलवार को की. बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों को सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Chhapra DM health department review meeting

बैठक में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम ने ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहां से टीबी के मामले रिपोर्ट नहीं हो रहे हैं. सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों (MOIC) को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कराने को कहा गया.

टीकाकरण में लहलादपुर और परसा की स्थित पर नाराजगी

समीक्षा में सामने आया कि मई माह में जिले में पूर्ण टीकाकरण का औसत 96 प्रतिशत रहा. लेकिन लहलादपुर और परसा प्रखंड में उपलब्धि 90 प्रतिशत से कम पाई गई. इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से कारण पूछते हुए सुधार के निर्देश दिए.

बच्चों के स्वास्थ्य और ANC कवरेज पर जोर

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत 1 अप्रैल से 15 जून तक 174 सर्जिकल मामलों की पहचान कर उन्हें रेफर किया गया. इसमें 52 बच्चे कंजेनिटल हार्ट डिजीज (CHD) से जुड़े पाए गए. डीएम ने सभी मामलों का लगातार फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा.

वहीं गर्भवती महिलाओं की ANC कवरेज में लहलादपुर और परसा की स्थिति असंतोषजनक मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और ICDS को आपसी समन्वय के साथ सुधार लाने का निर्देश दिया गया.

संस्थागत प्रसव बढ़ाने का निर्देश  

बैठक में संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मई माह में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर केवल 3444 (35 प्रतिशत) प्रसव दर्ज किए गये. डीएम ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए निजी अस्पतालों और घरों में हुए प्रसव की ट्रैकिंग करने तथा आशा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया.

उन्होंने मातृ मृत्यु के मामलों का ऑडिट कर कारणों की पहचान करने और भविष्य में सुधारात्मक कदम उठाने को गया.

NRC में जरूरतमंद बच्चों की संख्या बढ़ाने का निर्देश

जिले में कुपोषित बच्चों के लिए संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को भेजने का निर्देश दिया गया. जनवरी से अब तक 132 बच्चों को NRC भेजा गया है, जिसे और बढ़ाने को कहा गया.

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला स्तरीय चिकित्सा पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के MOIC, स्वास्थ्य प्रबंधक, BCM, CDPO सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

#Chapra #Saran #HealthMeeting #DMSaran

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ