सारण प्रमंडल में यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी, गोपालगंज में बनेंगे 3 नए चेकपोस्ट
#छपरा, 24 जून | सारण प्रमंडल में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सारण, सिवान और गोपालगंज जिले में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की गयी.
बलथरी चेकपोस्ट के अलावा तीन नए चेकपोस्ट का प्रस्ताव
बैठक में गोपालगंज जिले में वर्तमान बलथरी एकीकृत चेकपोस्ट के अतिरिक्त तीन नए एकीकृत चेकपोस्ट स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई. इसका उद्देश्य राज्य में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों की बेहतर जांच और निगरानी करना है.
इन जगहों पर बनाए जाएंगे नए चेकपोस्ट
प्रस्तावित चेकपोस्ट उत्तर प्रदेश से आने वाले प्रमुख मार्गों पर बनाए जाएंगे। इनमें-
- देवरिया होते हुए विजयीपुर में प्रवेश करने वाला मार्ग
- देवरिया होते हुए कटेया में प्रवेश करने वाला मार्ग
- पडरौना होते हुए गोपालगंज थाना क्षेत्र के कोटनरहवां के समीप मार्ग शामिल हैं.
अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग पर होगी सख्ती
प्रमंडलीय आयुक्त ने राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों समेत प्रमुख सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर चिंता जताई. उन्होंने जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सड़क सुरक्षा के लिए होंगे जरूरी सुधार कार्य, परिवहन नियमों के पालन पर जोर
बैठक में सड़क सुरक्षा समिति की निधि से सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और स्पीड कैलमिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रमंडल में सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाए और परिवहन नियमों का प्रभावी पालन कराया जाए.
#Chapra #Saran #Gopalganj #ChakePost


0 टिप्पणियाँ