Advertisement

छपरा से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और CM सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

छपरा को मिली बड़ी रेल सौगात: नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू, अश्विनी वैष्णव और सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

#छपरा, 19 जून | सारण जिले के लोगों को शुक्रवार को बड़ी रेल सौगात मिली. छपरा जंक्शन से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आयोजित समारोह में नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

इस दौरान छपरा-नई दिल्ली रेल सेवा के साथ मऊ-नई दिल्ली ट्रेन सेवा और दोहरीघाट-औड़िहार रेलखंड के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार की शुरुआत भी की गयी. कार्यक्रम में सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

छपरा से नई दिल्ली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाते रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

छपरा से दिल्ली का सफर होगा आसान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि छपरा से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है. उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में पिछले वर्षों में आधुनिकीकरण, नई रेल लाइनों, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है.

उन्होंने कहा कि बिहार में रेल विकास को नई गति मिली है और केंद्र सरकार राज्य में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की नींव होती है. नई ट्रेन सेवा शुरू होने से सारण और आसपास के जिलों के लोगों को दिल्ली जाने में सुविधा होगी.

उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। बिहार में रेलवे के विस्तार के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है.

सांसद राजीव प्रताप रूडी ने जताया आभार

सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर रेल मंत्रालय का आभार जताया. उन्होंने कहा कि छपरा और सारण क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए लगातार रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई जाती रही है.

सांसद सिग्रीवाल ने उठाई पटना के लिए ट्रेन की मांग

महराजगंज से सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल‌ ने सिवान से छपरा होते हुए पटना तक के लिए एक विशेष ट्रेन की मांग को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखा. उन्होंने बताया की पटना तक के ट्रेन हो जाने से आम जनता को काफ़ी लाभ होगा. अभी ट्रेन की सुविधा नहीं होने के कारण आम लोगों बस से यात्रा करने में काफी पैसा खर्च करना पड़ता है. ट्रेन की सुविधा हो जाने पर आम लोगों को काफी राहत होगी. बता दें कि कई वर्षों से आम जनता की मांग भी रही है कि इस रूट पर एक ट्रेन हो. सांसद की इस मांग पर उपस्थित आगंतुकों में काफी उत्साह देखने को मिला. आम जनता ने इस मांग पर तालियों की गड़गड़राहट से समर्थन किया.

विधायक ने दिया ज्ञापन

छपरा की स्थानीय विधायक छोटी कुमारी ने भी छपरा से राजधानी पटना के लिए ट्रेन की मांग का एक ज्ञापन मंच पर केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को दिया.

छपरा से पटना के लिए ट्रेन की मांग का ज्ञापन देती विधायक छोटी कुमारी

समारोह में कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, सारण प्रमंडल के आयुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

नई रेल सेवा शुरू होने के बाद सारण क्षेत्र की राजधानी दिल्ली समेत देश के अन्य प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

#chapra #saran

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ