Advertisement

सारण में 28 जून से शुरू होगा पंचायत विकास दिवस, हर माह पंचायतों में होगी विकास योजनाओं की समीक्षा

पंचायतों में ग्रामीण विकास योजनाओं की होगी समीक्षा, जनभागीदारी और पारदर्शिता पर रहेगा जोर

#छपरा, 24 जून | ग्रामीण क्षेत्रों के समावेशी विकास और पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सारण जिले में अब प्रत्येक माह ‘पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन किया जाएगा. इसकी शुरुआत 28 जून 2026 से होगी. इसको लेकर जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

saran Panchayat Vikas Diwas DM meeting

हर माह के अंतिम रविवार को होगा आयोजन

पंचायती राज विभाग के निर्देश के अनुसार जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर माह के आखिरी रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. बैठक का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा.

मुखिया की अध्यक्षता में होगी बैठक

डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पंचायत विकास दिवस के सफल आयोजन की जिम्मेदारी दी है. पंचायत स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन संबंधित मुखिया और पंचायत सचिव के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा. बैठक की अध्यक्षता मुखिया करेंगे, जबकि पंचायत सचिव बैठक की कार्यवाही दर्ज करेंगे.

योजनाओं और विकास कार्यों पर होगी चर्चा

पंचायत विकास दिवस में ग्रामीणों के सामने पंचायत की विकास योजनाओं, खर्चों और प्रगति की जानकारी रखी जाएगी. बैठक में सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के 9 थीम, पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स और ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी.

ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा सदस्यों, जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों को शामिल किया जाएगा. पंचायत सचिव द्वारा पहले से सूचना जारी कर बैठक का प्रचार-प्रसार किया जाएगा.

‘मन की बात’ सुनने की भी होगी व्यवस्था

पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सीधे प्रसारण को सुनने की व्यवस्था भी की जाएगी.

डिजिटल मॉनिटरिंग होगी अनिवार्य

डीएम ने निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस से संबंधित निर्णय, फोटो और वीडियो को ‘निर्णय पोर्टल’ (Nirnay Portal) पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए. बैठक की कार्यवाही पंजी में उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान भी लिया जाएगा.

Saran Panchay at Vikas Diwas start dm meeting

डीएम ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि पंचायत विकास दिवस ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से जमीन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

#Chapra #Saran #ManKiBaat #PachayatVikasDiwas 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ