Advertisement

श्रावणी मेला 2026: सारण के पहलेजा घाट पर कांवरियों की सुरक्षा, DM-SSP ने तैयारियों का लिया जायजा

सारण में कांवरियों की सुरक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी ने पहलेजा घाट और हरिहरनाथ मंदिर मार्ग का किया निरीक्षण

श्रावणी मेला 2026 | सारण में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं. कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने सोनपुर के पहलेजा घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक मेला मार्ग का जायजा लिया.

Saran DM SSP inspection of Pahleja Ghat for Shravani Mela 2026

इस दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं और संबंधित विभागों को समय सीमा के अंदर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित घाट, बेहतर यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं पर है.

पहलेजा घाट पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जिलाधिकारी ने घाट क्षेत्र में 24 घंटे साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, शुद्ध पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में सुरक्षित स्थानों पर चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे.

पीएचईडी विभाग को पहलेजा घाट क्षेत्र में 100 अस्थायी शौचालय और मार्गों पर 50 अतिरिक्त शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है. इनकी नियमित सफाई के लिए सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी.

Saran DM SSP inspection for Shravani Mela 2026

सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

श्रावणी मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर घाटों की स्लोपिंग, मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया है. नदी में बने पीपा पुल को समय पर हटाने का भी निर्देश दिया गया.

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए वॉच टावर बनाए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहलेजा घाट पर एसडीआरएफ टीम की तैनाती रहेगी.

कांवरियों के लिए अलग मार्ग और यातायात व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आने और जाने वाले कांवरियों के लिए अलग-अलग रास्ते तैयार किए जाएंगे. कांवड़िया मार्ग में खराब सड़कों की मरम्मत कर उन्हें समतल किया जाएगा. पूरे मार्ग पर लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी.

वाहनों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएंगे और प्रमुख जगहों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे. मेला प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा.

स्वास्थ्य सुविधाओं की रहेगी व्यवस्था

मेला क्षेत्र में कुल 8 मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे. इनमें से 4 मेडिकल कैंप पहलेजा घाट पर 24 घंटे कार्यरत रहेंगे. वहीं बिना रुके यात्रा करने वाले डाक बम श्रद्धालुओं के लिए विशेष काउंटर बनाए जाएंगे.

यह भी पढ़े: सारण में ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान सोनपुर अनुमंडल के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड और अंचल स्तर के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अभियंता मौजूद रहे.

#Saran #Sonepur #ShravaniMela2026 #KanwariyaYatra #PahlejaGhat #HariharnathMandir

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ