12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले वर्ष से बिहार के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा. उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया.
#पटना: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि योगाभ्यास को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अगले वर्ष से बिहार के विद्यालयों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग बिना किसी खर्च के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है. योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए.
योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत
सम्राट चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को पूरी दुनिया में पहचान मिली है. उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र शैली है.
नियमित योग से स्वास्थ्य में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है. योग व्यक्ति को तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जीने में मदद करता है. उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी प्रतिदिन टहलने के साथ योगाभ्यास करते हैं.
स्वास्थ्य और खेल को बढ़ावा दे रही बिहार सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को स्वस्थ रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से बिहार सरकार लगातार काम कर रही है. राज्य में खेल, स्वास्थ्य और युवा कल्याण को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है.
#BiharNews #Yoga #SamratChoudhary

0 टिप्पणियाँ