समस्तीपुर में जमुई जैसी हैवानियत: बीच सड़क पर लड़की से अभद्रता और बदसलूकी, पुलिस ने 6 घंटे में 4 आरोपियों को दबोचा
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जमुई की घटना के बाद अब समस्तीपुर में बीच सड़क पर मनचलों की दरिंदगी देखने को मिली है, जहां कुछ युवकों ने एक लड़की के साथ जमकर बदसलूकी और अभद्र व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बाँध के पास सड़क की है। बताया जा रहा है कि एक लड़की अपने साथी के साथ सड़क किनारे रुककर फोटो ले रही थी, तभी कुछ बेखौफ मनचले वहाँ आ धमके। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि युवकों ने लड़की को घेर लिया, उसके साथ गाली-गलौज की और बीच सड़क पर खींचते हुए उसके साथ बदसलूकी व बैड टच किया। इस दौरान आरोपी लगातार उसका नाम और पता पूछते रहे। वहीं पास में मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी करतूत का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 6 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों ने तुरंत सख्त एक्शन लेने का निर्देश दिया। समस्तीपुर पुलिस ने तकनीकी सत्यापन के बाद कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या-117/26 दर्ज किया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और आईटी एक्ट (IT Act) की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सूचना मिलने के मात्र 06 घंटे के भीतर कांड में संलिप्त सभी 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- विकास कुमार (पिता - रामसुंदर शर्मा, निवासी - जगतसिंहपुर)
- राहुल कुमार (पिता - अरुण पासवान, निवासी - जगतसिंहपुर)
- रामबाबू सहनी (पिता - महेश्वर सहनी, निवासी - जगतसिंहपुर)
- अवधेश पासवान (पिता - नेवालाल पासवान, निवासी - बिजौलिया, थाना - कर्पूरीग्राम)
बिहार में लगातार बढ़ रही घटनाएं, प्रशासन पर उठे सवाल
बिहार में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जमुई कांड के बाद मुजफ्फरपुर जैसी वारदातों ने पहले ही सनसनी फैला दी थी। अब समस्तीपुर के इस वीडियो ने सूबे की कानून व्यवस्था और मनचलों केौसले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से साफ जाहिर होता है कि इन दरिंदों के मन में पुलिस-प्रशासन का कोई खौफ नहीं बचा है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर पुलिस ने मीडिया बंधुओं और सोशल मीडिया यूजर्स से कड़ी अपील की है कि वे भविष्य में पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले या उसे मानसिक व सामाजिक क्षति पहुँचाने वाले किसी भी पोस्ट या वीडियो को शेयर करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के कंटेंट को शेयर करना एक गंभीर और संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है।
यह भी पढ़ें: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026: 23 अक्टूबर को मतदान


0 टिप्पणियाँ