छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग मामले में गिरफ्तार शिक्षक को स्कूल ने किया निलंबित, पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज
छपरा, 23 जुलाई | शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित एचआर इम्पीरियल पब्लिक स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग, धमकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित शिक्षक इनाम रजा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने भी आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय, सारण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने भगवान बाजार थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी नाबालिग बेटी, जो उक्त विद्यालय में पढ़ती है, के साथ शिक्षक इनाम रजा पिछले कई महीनों से अनुचित व्यवहार कर रहा था। आरोप है कि उसने छात्रा के साथ कथित रूप से अश्लील चैटिंग की तथा परीक्षा में फेल कराने और विद्यालय से नाम कटवाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
शिकायत के आधार पर भगवान बाजार थाना कांड संख्या 592/26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मारपीट, आपराधिक धमकी और अन्य आरोपों से संबंधित प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 6, 18, 8 और 12 के तहत नाबालिग के विरुद्ध यौन अपराध, यौन उत्पीड़न तथा ऐसे अपराध के प्रयास से जुड़े आरोप शामिल किए गए हैं। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़े :छपरा में छात्रा से इंस्टाग्राम पर अश्लील चैटिंग का आरोप, गणित शिक्षक हिरासत में
मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 64(2)(एफ), 62, 75(2) एवं 351(2)(3), पॉक्सो अधिनियम की धारा 6, 18, 8 और 12 तथा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r), 3(1)(s), 3(1)(w)(1), 3(1)(2) और 3(2)(v)(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
स्कूल ने किया तत्काल निलंबित
मामले की जानकारी मिलने के बाद एचआर इम्पीरियल पब्लिक स्कूल के प्राचार्य ने आदेश जारी कर शिक्षक इनाम रजा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विद्यालय प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इससे पहले शिक्षक के विरुद्ध इस प्रकार की कोई शिकायत विद्यालय प्रशासन को प्राप्त नहीं हुई थी।
पुलिस कर रही है गहन जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में डिजिटल साक्ष्यों, चैट रिकॉर्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : छपरा सदर अस्पताल में 127 तरह की जांच शुरू, डीएम ने किया उद्घाटन


0 टिप्पणियाँ