मानसिक रूप से सशक्त बनें, तभी जीवन में मिलेगी सफलता : कृतिका कश्यप
#छपरा, 02 जुलाई | विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से "मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास" विषय पर एक प्रेरणादायी मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रख्यात साइकोलॉजिस्ट कृतिका कश्यप ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया.
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की वरिष्ठ आचार्या दर्शना सिंह एवं नीलू कुमारी ने कृतिका कश्यप को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करते हुए किया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं. ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, संवेदनशील और संस्कारित नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं.
अपने संबोधन में कृतिका कश्यप ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच तथा जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के प्रभावी उपाय बताए. उन्होंने कहा कि
स्वस्थ मन ही सफल जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि मन सकारात्मक और संतुलित रहेगा, तो हर लक्ष्य को प्राप्त करना संभव है.
सत्र के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका कृतिका कश्यप ने सरल, वैज्ञानिक और व्यवहारिक तरीके से समाधान किया. उनके प्रेरक विचारों से छात्राओं में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ.
यह भी पढ़े : सारण में सतर्कता जागरूकता दिवस पर शपथ
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य एवं शिक्षिकाएं राजेश कुमार, अनिल कुमार आजाद, मणि भूषण सिंहा, विशाल कुमार सिंह, मनीष कुमार, ऋचा गुप्ता, स्वाति सिंह, अंजली सैनी, गीतांजलि सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं. सभी ने इस प्रेरणादायी सत्र की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शी कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया.


0 टिप्पणियाँ