पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने किया छपरा सिविल कोर्ट का निरीक्षण, अधिवक्ताओं से किया संवाद
न्यायिक समाचार | सुनिता कुमारी 'गुंजन'
छपरा, 17 जुलाई | पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने शुक्रवार को छपरा सिविल कोर्ट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय की न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया, विभिन्न न्यायालयों और कार्यालयों का निरीक्षण किया तथा अधिवक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। अपने संबोधन में उन्होंने अधिवक्ताओं को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन में सहयोग करने का आह्वान किया।
न्याय वाटिका में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा का किया अनावरण
सुबह करीब 10 बजे न्यायमूर्ति संदीप कुमार छपरा सिविल कोर्ट पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित न्याय वाटिका में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण शुरू किया।
न्यायालयों और कार्यालयों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) न्यायालय, विभिन्न न्यायिक दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) न्यायालयों तथा न्यायालय कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक कार्यों, अभिलेखों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
यह भी पढ़ें : पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने किया मंडल कारा छपरा का निरीक्षण
निरीक्षण को लेकर परिसर में दिखी विशेष तैयारी
माननीय न्यायमूर्ति के आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। पुराने न्यायालय भवन से लेकर नए 10 कोर्ट भवन तक व्यापक साफ-सफाई कराई गई। कोर्ट रूम, बरामदे, गलियारे और परिसर के प्रत्येक हिस्से को व्यवस्थित किया गया। न्याय वाटिका को भी विशेष रूप से सजाया गया तथा फव्वारों को संचालित कर परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया गया।
छपरा विधि मंडल ने किया भव्य स्वागत
दोपहर करीब 1:15 बजे न्यायमूर्ति संदीप कुमार छपरा विधि मंडल पहुंचे, जहां उनका स्वागत समारोह आयोजित किया गया। विधि मंडल के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रवि रंजन सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर सारण के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत गर्ग सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
कार्यक्रम के दौरान छपरा विधि मंडल के अध्यक्ष रवि रंजन सिंह ने अधिवक्ताओं के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने की समस्या न्यायमूर्ति के समक्ष रखी। इस पर न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की अपील
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने अधिवक्ताओं से मकान मालिक और किरायेदार से जुड़े सिविल मामलों के शीघ्र निपटारे में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का यथासंभव एक माह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाना चाहिए, जिससे वादकारियों को समय पर न्याय मिल सके।
यह भी पढ़ें : कृषि भूमि बेचने से पहले परिवार को देना होगा पहला मौका: सुप्रीम कोर्ट
स्वर्गीय अवधेश्वर सहाय के तैलचित्र का किया अनावरण
कार्यक्रम के अंत में न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने छपरा विधि मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं महामंत्री स्वर्गीय अवधेश्वर सहाय के तैलचित्र का अनावरण किया। उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में न्यायमूर्ति सहित उपस्थित अधिवक्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शनिवार को सोनपुर न्यायालय का करेंगे निरीक्षण
अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत न्यायमूर्ति संदीप कुमार 18 जुलाई को सोनपुर न्यायालय का निरीक्षण करेंगे, जहां वे न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।



0 टिप्पणियाँ