सरस्वती शिशु विद्या मंदिर छपरा में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया छात्रों का परीक्षण
#छपरा, 04 जुलाई | विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जांच परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गये.
विद्यालय के मीडिया प्रभारी अनिल कुमार आजाद ने बताया कि शिविर में प्रसिद्ध जनरल फिजिशियन डॉ. सुधांशु शेखर एवं डॉ. महिमा पांडे की टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. चिकित्सकों ने बच्चों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने दोनों चिकित्सकों एवं उनकी टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक बनाते हैं.
यह भी पढ़े : सोमवार के बाद मंगलवार क्यों आता है. जानिए सप्ताह के दिनों का रहस्य
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से राजेश कुमार पाठक, मणि भूषण सिन्हा एवं नीलू कुमारी ने डॉ. सुधांशु शेखर, डॉ. महिमा पांडे तथा उनकी टीम को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य-बंधु, भगिनी एवं विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जांच शिविर की सराहना करते हुए इसे उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया.
#Chapra #Saran #HealthCamp #SchoolHealth #SaraswatiShishuVidyaMandir #Education


0 टिप्पणियाँ