इसुआपुर से पानापुर तक 9 प्रखंडों में खुलेंगे नए डिग्री कॉलेज, दरियापुर में उपमुख्यमंत्री और मकेर में प्रभारी सचिव होंगे शामिल
छपरा, 13 जुलाई | सारण जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में 15 जुलाई से नौ नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत होने जा रही है। उद्घाटन समारोह को उत्सवी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कॉलेजों में उद्घाटन कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों को तत्काल आमंत्रण भेजने का निर्देश दिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कॉलेज परिसरों का निरीक्षण कर जलजमाव, मिट्टी भराव, शौचालय, पेयजल, नामपट्ट एवं साइनेज जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कॉलेज परिसरों को फूलों और गुब्बारों से सजाकर उत्सव का माहौल बनाया जाए। कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत का आयोजन होगा। जनप्रतिनिधियों के संबोधन के लिए भी निर्धारित कार्यक्रम तैयार रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्घाटन समारोह कक्षा-कक्ष में ही आयोजित होगा और उसी दिन नियमित पठन-पाठन भी शुरू कराया जाएगा।
इन 9 प्रखंडों में खुलेंगे नए डिग्री कॉलेज
15 जुलाई से जिन नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ होगा, वे इसुआपुर, दरियापुर, एकमा, मशरक, मढ़ौरा, मकेर, तरैया, लहलादपुर और पानापुर प्रखंडों में स्थित हैं।
दरियापुर और मकेर पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने दरियापुर और मकेर में विशेष सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के निर्देश दिए हैं। दरियापुर के कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं सारण के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के शामिल होने की संभावना है, जबकि मकेर में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं सारण के प्रभारी सचिव पंकज कुमार उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा सभी कॉलेजों में लाइव प्रसारण के लिए दो से तीन टीवी, इंटरनेट और लैपटॉप की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़े : सावन आया संकट भी साथ लाया
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी नए डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य तथा सिविल कार्य से जुड़े अभियंता उपस्थित थे। वहीं सभी संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
#Chapra #Saran #NewDegreeCollege


0 टिप्पणियाँ