Advertisement

प्यार के आगे झुके परिवार, पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी | सारण

प्यार के आगे झुके परिवार, पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में हुई प्रेमी जोड़े की शादी

पानापुर में मंदिर में शादी के बाद प्रेमी जोड़ा मौजूद पुलिस और पंचायत प्रतिनिधि

छपरा, 16 अगस्त | सारण के पानापुर में वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करने वाले युवक-युवती के रिश्ते को आखिरकार दोनों परिवारों की मंजूरी मिल गई। परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनने के बाद पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों की पहल से मामला शांत हुआ और शुक्रवार की रात पानापुर थाना भवन के सामने स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। इस दौरान पुलिसकर्मी और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मिली जानकारी के अनुसार, बनियापुर प्रखंड के देवलखा भिट्ठी गांव की 23 वर्षीय युवती और पानापुर प्रखंड के मेंथौरा गांव के 26 वर्षीय युवक के बीच करीब आठ-नौ वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा था।

इसी बीच गुरुवार को युवती अपने प्रेमी के घर मेंथौरा पहुंच गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद गांव में विवाद की स्थिति बनने लगी।

पुलिस ने संभाली स्थिति

विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने युवक-युवती और उनके परिजनों से अलग-अलग बातचीत की। दोनों युवक-युवती बालिग होने के कारण अपने फैसले पर कायम रहे और शादी करने की इच्छा जताई।

इसके बाद पुलिस और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने दोनों परिवारों के बीच बातचीत कराई। काफी समझाइश के बाद परिजन भी रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार हो गए।

 ठाकुरबाड़ी मंदिर में लिए सात फेरे

पानापुर में मंदिर में शादी के बाद प्रेमी जोड़ा

परिवारों की सहमति बनने के बाद शुक्रवार की रात पानापुर स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर में शादी की तैयारी की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच युवक-युवती ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।

यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन में घायल रिविलगंज BDO रितेश कुमार सिंह सम्मानित

शादी के दौरान पुलिसकर्मी और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने विवाह की प्रक्रिया में सहयोग करने के साथ नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

विवाद का शांतिपूर्ण समाधान बना चर्चा का विषय

पारिवारिक असहमति से शुरू हुआ यह मामला आखिरकार बातचीत और मध्यस्थता के जरिए विवाह तक पहुंचा। पानापुर क्षेत्र में पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों की पहल से दोनों परिवारों के बीच विवाद समाप्त होने और प्रेमी जोड़े के विवाह की चर्चा हो रही है।

 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ