छपरा राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल के पाँच वीक्षक सहित छह निलंबित, बिहार पुलिस ASI परीक्षा में लापरवाही का मामला
शिक्षा | छपरा | अपडेट
छपरा, 13 अगस्त | बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद की प्रारंभिक लिखित परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आने के बाद छपरा के राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल के पाँच वीक्षकों समेत कुल छह वीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित वीक्षकों में राधिका कुमारी, रामाशंकर मिश्र, रीना कुमारी, जय प्रकाश कुमार और कुमारी रश्मि शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।
मामला 22 जुलाई 2026 को आयोजित बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का है। परीक्षा के दौरान राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल, छपरा स्थित केंद्र पर एक अभ्यर्थी के पास ब्लूटूथ डिवाइस पहुंचने की बात सामने आई। जांच में सामने आया कि केंद्र पर अभ्यर्थियों की दोबारा फ्रिस्किंग नहीं की गई थी।
बताया गया है कि एक अभ्यर्थी अपने सहयोगी के माध्यम से मुख्य द्वार से दाहिनी ओर स्थित शौचालय की तरफ से ब्लूटूथ डिवाइस प्राप्त कर चुका था। परीक्षा के दौरान इस डिवाइस की जांच नहीं हो सकी। मामले की रिपोर्ट के बाद परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मियों की भूमिका की जांच की गई।
राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल के पाँच वीक्षक निलंबित
कार्रवाई की जद में राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल, छपरा के पांच वीक्षक आए हैं। इनमें राधिका कुमारी, रामाशंकर मिश्र, रीना कुमारी, जय प्रकाश कुमार और कुमारी रश्मि शामिल हैं।
राधिका कुमारी वीक्षक-सह-विद्यालय अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, रिविलगंज निर्धारित किया गया है।
रामाशंकर मिश्र वीक्षक-सह-विशिष्ट शिक्षक हैं। उनका निलंबन मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, जलालपुर निर्धारित किया गया है।
रीना कुमारी वीक्षक-सह-विद्यालय अध्यापिका हैं। उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, रिविलगंज निर्धारित किया गया है।
जय प्रकाश कुमार वीक्षक-सह-पुस्तकालय अध्यक्ष हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, गरखा निर्धारित किया गया है।
कुमारी रश्मि वीक्षक-सह-विशिष्ट शिक्षिका हैं। उनका निलंबन मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, रिविलगंज निर्धारित किया गया है।
दूसरे विद्यालय के वीक्षक भी कार्रवाई की जद में
छठे निलंबित वीक्षक राजीव पाठक हैं। वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सरेयाँ हरदी टोला में वीक्षक-सह-विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, मांझी निर्धारित किया गया है।
इस तरह परीक्षा केंद्र से जुड़े मामले में कुल छह वीक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई हुई है, जिनमें पांच राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल से और एक अन्य विद्यालय से हैं।
लापरवाही मानकर विभागीय जांच शुरू
जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण की ओर से जारी आदेशों में संबंधित छह वीक्षकों पर प्रथम दृष्टया कर्तव्य में लापरवाही, सरकारी कार्य के प्रति उदासीनता और परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन का मामला माना गया है।
सभी छह वीक्षकों के खिलाफ अलग-अलग आरोप-पत्र जारी किए जाएंगे। मामले की विभागीय जांच के लिए विद्यालय अवर निरीक्षक, छपरा नगर को जांच पदाधिकारी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: छपरा में पुलिस रेडियो एएसआई परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से कथित नकल का प्रयास, चार गिरफ्तार
जांच पदाधिकारी को आरोप-पत्र जारी होने की तिथि से 45 दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। वहीं संबंधित शिक्षकों/ वीक्षकों को आरोप-पत्र मिलने के 15 दिनों के भीतर अपना लिखित बचाव प्रस्तुत करना होगा।
फिलहाल निलंबन की कार्रवाई प्रथम दृष्टया सामने आए आरोपों के आधार पर की गई है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद उसके निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें: छपरा का धर्मनाथ धन्नी शिव मंदिर: अर्द्धनागेश्वर शिवलिंग और खास प्रसाद

0 टिप्पणियाँ