छपरा में सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान
दुकान जाने के दौरान हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल दीपक ने सदर अस्पताल में तोड़ा दम; परिवार में मचा कोहराम
छपरा, 16 अगस्त | सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। नैनी बाजितपुर इलाके में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
दुकान जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी बाजितपुर गांव निवासी रामनाथ राय के 30 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, दीपक शनिवार शाम घर से कुछ दूरी पर स्थित स्थानीय दुकान पर घरेलू सामान खरीदने के लिए निकला था। इसी दौरान सड़क पार करते समय छपरा की ओर से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर सारण में देशभक्ति का उत्साह, 41 सम्मानित
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना उसके परिजनों को दी।
गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले गए परिजन
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दीपक को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: छपरा जंक्शन पर समस्या होने पर संपर्क करें का बोर्ड, नंबर गायब
पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

0 टिप्पणियाँ