स्वतंत्रता दिवस पर सारण में देशभक्ति का उत्साह, 41 उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस | राजेन्द्र स्टेडियम
छपरा, 16 अगस्त | स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सारण जिला मुख्यालय में शनिवार को पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में हुआ, जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री, वाणिज्य-कर मंत्री एवं सारण के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए बिहार और सारण के विकास, सुशासन एवं जनकल्याण का संदेश दिया।
राजेंद्र स्टेडियम में हुआ मुख्य समारोह
राजेंद्र स्टेडियम पहुंचने पर जिला पदाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। समारोह में आयुक्त, सारण प्रमंडल मनीष कुमार, जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ समारोह संपन्न हुआ। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने सरकार की विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की भी चर्चा की।
41 उत्कृष्ट कर्मियों एवं प्रतिभाओं को सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों, कार्यालयों, संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और शिक्षा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 41 व्यक्तियों, कर्मियों एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वालों में वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारी एवं व्यवसायी, विधि-व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, शिक्षा एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं, राजस्व, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं समाहरणालय से जुड़े अधिकारी-कर्मी शामिल रहे।
मैट्रिक में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सताक्षी मित्तल, इंटर कला में प्रथम रौशनी कुमारी, वाणिज्य में प्रथम नीलू परवीन तथा विज्ञान में प्रथम परमसुधा शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं एवं टीबी मुक्त भारत अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, राजस्व महाअभियान, फार्मर रजिस्ट्री, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
भूमिहीन लाभुकों के बीच बांटे गए भूमि संबंधी पर्चे
मुख्य समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं सारण के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने भूमिहीन लाभुकों के बीच भूमि संबंधी पर्चों का वितरण किया। इस पहल के माध्यम से पात्र लाभुकों को भूमि संबंधी अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
अधिकारियों ने भी किया ध्वजारोहण
मुख्य समारोह के बाद विभिन्न सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयुक्त कार्यालय में आयुक्त मनीष कुमार, समाहरणालय में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार तथा उप विकास आयुक्त कार्यालय में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
महादलित टोले में डीएम ने फहराया तिरंगा
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने छपरा नगर निगम के वार्ड संख्या-20 के दहियावां मिशन रोड पानी टंकी के पास स्थित महादलित टोले में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच स्कूल बैग और लेखन सामग्री वितरित की तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मेडिकल कॉलेज परिसर में हुआ पौधारोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सारण के संकल्प के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया गया। करीब दो यूनिट क्षेत्र में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी समेत अन्य पदाधिकारियों ने पौधे लगाए।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
प्रशासन और आमजन के बीच हुआ मैत्री क्रिकेट मैच
स्वतंत्रता दिवस समारोह की कड़ी में दोपहर में प्रशासन बनाम आमजन फैंसी क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। मैत्रीपूर्ण मुकाबले में दोनों टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, संवाद एवं सौहार्द को बढ़ावा देना रहा।
भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम
शाम को भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतिभागियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और बिहार की समृद्ध कला-संस्कृति की झलक देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: छपरा जंक्शन पर समस्या होने पर संपर्क करें का बोर्ड, नंबर गायब
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दिनभर के कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ जनभागीदारी, सम्मान, खेल भावना, पर्यावरण संरक्षण और कला-संस्कृति का समन्वय देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने के साथ ही विकास, सुशासन, जनकल्याण, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के साथ विकसित सारण के संकल्प को भी रेखांकित किया।





0 टिप्पणियाँ