छपरा में निकली तिरंगा साइकिल रैली, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजा शहर
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने समाहरणालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
देश | छपरा
छपरा में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई। समाहरणालय परिसर से शुरू हुई रैली को सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली थाना चौक होते हुए खेल भवन परिसर तक पहुंची। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर का माहौल देशभक्ति से गूंज उठा।
रैली में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली में सबसे आगे स्केटिंग करते बच्चे चल रहे थे। उनके पीछे तिरंगा लेकर साइकिल पर सवार छात्र-छात्राएं देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
तिरंगे के साथ दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
तिरंगा साइकिल रैली के माध्यम से आम लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। रैली में शामिल बच्चों और युवाओं ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगा स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान की भी याद दिलाता है।
डीएम ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
9 से 17 अगस्त तक चल रहा अभियान
जिला प्रशासन के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश पर सारण जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाना है।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को फ्लैग कोड ऑफ इंडिया का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के विरोध में जेपी विश्वविद्यालय में धरना
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जब प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराता है तो यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और सामूहिक राष्ट्रभावना का प्रतीक बनता है।
रैली के अवसर पर जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ