Advertisement

जगदम कॉलेज में साइबर अपराध से बचाव को लेकर छात्रों को किया जागरूक

साइबर अपराध से बचाव के प्रति जगदम कॉलेज में छात्रों को किया गया जागरूक

साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और नशे से दूर रहने को लेकर पुलिस ने दिए जरूरी निर्देश

साइबर अपराध | जागरूकता

जगदम कॉलेज में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते सारण पुलिस के अधिकारी

छपरा, 14 अगस्त | इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल और लगभग हर हाथ में मोबाइल पहुंचने के साथ साइबर अपराध की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। आए दिन कोई न कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध का शिकार हो रहा है। इससे जहां आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है, वहीं पुलिस के सामने भी साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की चुनौती बढ़ी है।

इसी को देखते हुए सारण पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की पहल की है। शुक्रवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित जगदम कॉलेज, सारण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और इससे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक वैभव श्रीवास्तव ने साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

जगदम कॉलेज में साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते वरीय पुलिस अधीक्षक वैभव श्रीवास्तव

कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक वैभव श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। खासकर युवा और नए इंटरनेट उपयोगकर्ता किसी लालच, फर्जी कॉल, मैसेज या संदिग्ध लिंक के जरिए साइबर अपराधियों के चंगुल में न आएं, इसे लेकर उन्हें विशेष रूप से जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में साइबर अपराध के साथ-साथ नशे से दूर रहने, महिला एवं बाल सुरक्षा, मानव तस्करी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

साइबर फ्रॉड होने पर क्या करें

जगदम कॉलेज में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राएं

तुरंत 1930 पर कॉल करें: साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। जल्द सूचना देने से ठगी की रकम को रोकने या रिकवर करने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें: साइबर अपराध की शिकायत National Cyber Crime Reporting Portal पर भी दर्ज की जा सकती है।

पुलिस सहायता के लिए 112: किसी अन्य आपात स्थिति या तत्काल पुलिस सहायता के लिए राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें।

पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। जागरूकता को साइबर अपराध से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

यह भी पढ़ें : मलखाचक की सरस्वती-शारदा: अंग्रेजों के खिलाफ नाबालिग बहनों का साहस

कार्यक्रम में मुफस्सिल थाना के पुलिस पदाधिकारी, कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ