हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज, 9 से 17 अगस्त तक होगा विशेष आयोजन; डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
छपरा, 06 अगस्त | सारण में 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 9 से 17 अगस्त तक का इवेंट कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रभात फेरी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, इलोक्यूशन, हेलमेट के साथ बाइक रैली, साइकिल रैली समेत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हर प्रखंड में 4 हजार तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे
बैठक में बताया गया कि कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से प्रत्येक प्रखंड में 4,000 तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को नि:शुल्क तिरंगा दिया जाएगा, जबकि सक्षम लोगों को स्वयं तिरंगा खरीदकर अपने घरों पर लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तिरंगा निर्माण का कार्य जीविका समूहों के माध्यम से कराया जाएगा। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों को राष्ट्रीय ध्वज खरीदने तथा फ्लैग कोड का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों में प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय, संकुल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। 15 अगस्त के सांस्कृतिक कार्यक्रम में 'हर घर तिरंगा' थीम पर सर्वश्रेष्ठ विद्यालय टीम की प्रस्तुति कराई जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक प्रखंड में 'सेल्फी विद तिरंगा' स्टैंड भी स्थापित किए जाएंगे।
पौधरोपण और बायोफेंसिंग पर रहेगा जोर
बैठक में अभियान के साथ व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों और सरकारी परिसरों में चारदीवारी नहीं है, वहां पौधरोपण के माध्यम से बायोफेंसिंग विकसित की जाए। इसके लिए मनरेगा, वन विभाग और कृषि विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनभागीदारी से अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर
पदाधिकारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा प्रत्येक घर पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को पंचायत स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, डीआरडीए निदेशक, जिला कल्याण पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: IAS तुकाराम मुंढे कौन हैं? 25 तबादलों के बाद भी नहीं बदली सख्त कार्यशैली
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ अभियान का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना हर नागरिक तक प्रभावी ढंग से प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सके।


0 टिप्पणियाँ