Advertisement

जय प्रकाश विश्वविद्यालय में 21 अगस्त को उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन

 स्वरोजगार/उद्यमिता 

जय प्रकाश विश्वविद्यालय में 21 अगस्त को उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन, युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार के लिए किया जाएगा प्रेरित

जय प्रकाश विश्वविद्यालय छपरा का मुख्य द्वार

छपरा, 19 अगस्त | जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर 21 अगस्त 2026 को ‘उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य विभाग तथा स्वदेशी जागरण मंच, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह सम्मेलन दोपहर 12:15 बजे विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में होगा।

सम्मेलन की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) परमेंद्र कुमार बाजपेई करेंगे। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय कुमार मुख्य वक्तव्य देंगे।

युवाओं में उद्यमशील सोच विकसित करना उद्देश्य

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में उद्यमशील दृष्टिकोण विकसित करना, स्वरोजगार एवं नवाचार को बढ़ावा देना तथा उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। आयोजकों के अनुसार, बदलते आर्थिक परिदृश्य में उद्यमिता केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय संसाधनों के उपयोग, नवाचार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है।

सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता की संभावनाओं के साथ स्वदेशी उद्योगों, स्टार्टअप, व्यवसायिक नवाचार, वित्तीय प्रबंधन और बाजार की बदलती जरूरतों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित करने पर जोर

कार्यक्रम के आयोजक अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजीत तिवारी और वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गोप ने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार के लिए तैयार करना नहीं है। विद्यार्थियों में नेतृत्व, सृजनात्मकता, जोखिम लेने की क्षमता और समस्या-समाधान की दृष्टि विकसित करना भी जरूरी है।

यह भी पढ़ें: बलहाँ एराजी पंचायत में मनरेगा घोटाले का आरोप, डीएम-डीडीसी को आवेदन

उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, अवसर और संसाधन मिलने पर युवा स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित कर आर्थिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सम्मेलन में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी, युवा उद्यमी और उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागी शामिल होंगे। आयोजकों ने संबंधित लोगों से सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। सम्मेलन के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर युवा-सशक्त अर्थव्यवस्था’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ