निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हादसा, करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत
दाउदपुर/मांझी | कुमना चरवाटनी टोला में सोमवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की जान चली गई। मृतक की पहचान लेजुआर गांव निवासी सुरेंद्र राम (52) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र राम गणेश राय के घर में निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की रड के साथ काम करते समय वह मकान के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज विद्युत तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल दाउदपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर दाउदपुर थाना पहुंचे। घटनास्थल कोपा थाना क्षेत्र में आने के कारण शव को कोपा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कोपा पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: मढ़ौरा जामा मस्जिद से नहीं निकलेगा मिलाद-उल-नबी का जुलूस, अमन की होगी दुआ
सुरेंद्र राम के परिवार में पत्नी कुंती देवी, पांच पुत्रियां और एक पुत्र चंदन राम हैं। दो पुत्रियों और पुत्र की शादी हो चुकी है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के सामने अब आगे के जीवन-यापन की चुनौती भी खड़ी हो गई है।

0 टिप्पणियाँ