Advertisement

सारण: नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान की तैयारी तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सारण में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान की तैयारियां तेज, 2 अगस्त को जिलेभर में होगा शपथ ग्रहण

सारण समाहरणालय में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक करते जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव।

छपरा, 01 अगस्त | सारण जिले में "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त और जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं, इसलिए इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 अगस्त को प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद जिलेभर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रखंड मुख्यालयों के कॉन्फ्रेंस रूम और जिले के सभी 10 कॉलेजों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित कराने तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

यह भी पढ़ें: सारण: रिविलगंज शवदाहगृह जल्द होगा चालू, रिवर फ्रंट व गंगा संरक्षण योजनाओं की समीक्षा

जिलाधिकारी ने राजेंद्र कॉलेज, छपरा में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रभारी मंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

अभियान को व्यापक बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, जीविका समूहों, पीडीएस डीलर्स एसोसिएशन, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, स्काउट एंड गाइड, स्वयंसेवी संगठनों तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। जीविका से जुड़े सभी बीपीएम को भी अभियान से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाए तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।

यह भी पढ़ें: छपरा नगर निगम: 6 पार्षदों के निलंबन पर सरकार सख्त, महापौर से जवाब तलब

समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी तथा शिक्षा, जीविका, समाज कल्याण और अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ