छपरा–थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आकर दिवंगत हुए रेलकर्मी के परिवार को मिला ₹1 करोड़ का बीमा लाभ
रेलवे न्यूज़ | वाराणसी
वाराणसी, 10 अगस्त | छपरा–थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आने से जान गंवाने वाले रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय के परिवार को रेलवे सैलरी पैकेज के तहत ₹1 करोड़ का बीमा लाभ मिला है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सोमवार, 10 अगस्त को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने उनकी पत्नी निशु कुमारी को गोल्ड इंश्योरेंस योजना के तहत ₹1,00,00,000 (एक करोड़ रुपये) का चेक सौंपा।
चेक सौंपे जाने के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।
स्व. संतोष कुमार राय रेलवे में कीमैन (ट्रैक मेंटेनर) के पद पर कार्यरत थे। सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान वे गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका उपचार सदर अस्पताल, सीवान में चल रहा था, जहां 19 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया।
रेल प्रशासन के अनुसार, मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश पर दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को मिलने वाले विभिन्न देय लाभों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया। इसमें ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण और पारिवारिक पेंशन सहित नियमानुसार देय अन्य लाभ शामिल हैं।
परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्राथमिकता
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेल कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेलकर्मी की असामयिक मृत्यु की स्थिति में उसके आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभों का त्वरित एवं सुगम निस्तारण सुनिश्चित करना मंडल की प्रतिबद्धता है।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, रेलवे वाराणसी कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल, कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर (CSRM), वाराणसी कृष्ण मोहन पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अजित कुमार एवं कार्यालय अधीक्षक संतोष राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: छपरा जंक्शन के नामकरण की मांग नई नहीं, 2021 में लोकसभा में उठी
रेलवे सैलरी पैकेज के तहत मिला यह ₹1 करोड़ का बीमा लाभ दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहारा बनेगा।

0 टिप्पणियाँ