Advertisement

राजेंद्र कॉलेज में छात्रों का आक्रोश आंदोलन, एक माह में समाधान का आश्वासन

 ABVP | शिक्षा 

राजेंद्र कॉलेज में छात्रों का आक्रोश आंदोलन, एक माह में समस्याओं के समाधान का प्राचार्य ने दिया आश्वासन

राजेंद्र कॉलेज में छात्रों का आक्रोश आंदोलन

छपरा, 21 अगस्त | राजेंद्र कॉलेज में छात्र-छात्राओं की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में आक्रोश आंदोलन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्राचार्य कक्ष के समक्ष पहुंचे और कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी मांगें रखीं।

आंदोलन के दौरान छात्रों ने प्राचार्य का घेराव करते हुए लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। छात्रों का कहना था कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छात्रों ने रखीं ये प्रमुख मांगें

आंदोलन के दौरान छात्रों ने गर्ल्स कॉमन रूम और शौचालयों की साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था, क्लासरूम की सफाई तथा पेयजल की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। इसके अलावा गर्ल्स कॉमन रूम में सेनेटरी पैड मशीन लगाने और कॉलेज परिसर में CCTV कैमरे लगाने की मांग भी रखी गई।

छात्रों ने प्राचार्य से विद्यार्थियों के साथ संयमित तरीके से बातचीत करने तथा अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल नहीं करने की मांग भी रखी।

प्राचार्य से वार्ता के बाद मिला आश्वासन

राजेंद्र कॉलेज में छात्रों से वार्ता करते प्राचार्य

आंदोलन के दौरान प्राचार्य ने छात्रों से वार्ता की और उनकी मांगों को सुना। विद्यार्थी परिषद के अनुसार, वार्ता के बाद प्राचार्य ने छात्रों की प्रमुख मांगों और समस्याओं का एक माह के भीतर समाधान कराने का आश्वासन दिया।

विद्यार्थी परिषद ने कहा कि संगठन प्राचार्य के आश्वासन का सम्मान करेगा, लेकिन निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: सारण के स्कूलों में सुविधाओं की होगी पड़ताल, डीएम सख्त

आंदोलन में जिला संयोजक भास्कर कुमार, नगर सह मंत्री एवं राजेंद्र कॉलेज के पालक रितिक कुमार सिंह, शिवम मिश्रा, रंकित कुमार, सिया सिंह, इकाई अध्यक्ष राकेश शर्मा, शशि कुमार, धीरज कुमार, रितेश कुमार और संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ