सारण में मखाना खेती को बढ़ावा, जलालपुर में 25 एकड़ खेत का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
छपरा, 02 अगस्त | सारण जिले में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में उद्यान विभाग की पहल तेज हो गई है। जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर रविवार को जलालपुर प्रखंड के मंगोलापुर गांव में लगभग 25 एकड़ में हो रही मखाना की खेती का निरीक्षण किया गया। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों से मखाना उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें: नशा मुक्ति युवा अभियान, डीएम-एसएसपी ने दिलाई शपथ
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और बेहतर उत्पादन के लिए पोषण प्रबंधन, जल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर किसानों को विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर मखाना की खेती का रकबा बढ़ाने की सलाह दी गई।
जिला उद्यान पदाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने बताया कि मखाना एक उच्च मूल्य की नगदी फसल है। सारण की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जिले में पिछले कई वर्षों से मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध करा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।
निरीक्षण के दौरान जलालपुर के प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी समेत उद्यान एवं कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: सारण: श्रावणी मेला में डाकबम कांवरियों के लिए विशेष व्यवस्था




0 टिप्पणियाँ