निरीक्षण | प्रशासन
सेमरिया के पुराने शवदाह गृह को फिर से चालू कराने का निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण
छपरा, 19 अगस्त | सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार, 18 अगस्त को रिविलगंज नगर पंचायत क्षेत्र के सेमरिया स्थित पुराने एवं नए शवदाह गृह/मोक्षधाम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, पहुंच पथ, शौचालय, शवदाह गृह की स्थिति और नदी के कटाव से सुरक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुराने शवदाह गृह की मरम्मत कराकर फिर शुरू कराने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुराने शवदाह गृह की पूरी तरह मरम्मत कराकर उसे दोबारा संचालित कराने का निर्देश नगर पंचायत रिविलगंज के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया। साथ ही घाट परिसर में मौजूद सभी शौचालयों की आवश्यक मरम्मत कराकर उन्हें उपयोग योग्य बनाने को कहा।
दोनों शवदाह गृह तक बेहतर पहुंच के लिए पहुंच पथ पर पेवर ब्लॉक लगाने का भी निर्देश दिया गया। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी और घाट परिसर की व्यवस्था भी सुगम एवं व्यवस्थित होगी।
नए विद्युत शवदाह गृह को नदी कटाव से बचाने के निर्देश
नए विद्युत शवदाह गृह की सुरक्षा पर भी डीएम ने विशेष ध्यान दिया। नदी का प्रवाह तेज होने के कारण भवन के नदी की ओर वाले हिस्से में कटाव की आशंका को देखते हुए उन्होंने परियोजना निदेशक, BUDCO को संबंधित हिस्से में उचित बोल्डर पिचिंग कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य नदी के तेज प्रवाह और संभावित कटाव से भवन को सुरक्षित रखना है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में कटाव निरोधी सामग्री उपलब्ध एवं सुरक्षित रखने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने और स्थल की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
तीन दिन पहले परीक्षण में नहीं चली थी विद्युत शवदाह गृह की मशीन
गौरतलब है कि करीब तीन दिन पहले सेमरिया घाट स्थित नवनिर्मित विद्युत शवदाह गृह में एक लावारिस शव के अंतिम संस्कार का परीक्षण किया गया था। इस दौरान मशीन में तकनीकी खराबी के कारण शवदाह गृह शुरू नहीं हो सका था। ऑपरेटर ने मशीन को चालू करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को बिना अंतिम संस्कार कराए वापस ले जाना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: जय प्रकाश विश्वविद्यालय में 21 अगस्त को उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन
परीक्षण असफल होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने निर्माण एजेंसी BUDCO से मशीन की तकनीकी गड़बड़ी समेत अन्य कमियों को दूर कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी। अब डीएम के निरीक्षण के दौरान शवदाह गृह की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देशों के बाद इसके संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद है।



0 टिप्पणियाँ