Advertisement

श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

 सावन की अंतिम सोमवरी पर तैयारियां 

श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी पर सुरक्षा चाक-चौबंद, पहलेजा घाट और मंदिर का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी को लेकर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का जायजा लेते डीएम व एसएसपी

सारण, 23 अगस्त | श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी 24 अगस्त और मेला के अंतिम दिन 28 अगस्त को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा संबंधी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को पहलेजा घाट और बाबा हरिहरनाथ मंदिर का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पहलेजा घाट पर भीड़ प्रबंधन की तैयारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पहलेजा घाट पर श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, जल भरने के निर्धारित स्थल, स्नान घाट और ड्रेस चेंजिंग स्थल समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था पहले से सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।

भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवागमन के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और कचरा उठाव की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

हेल्थ कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर घाट क्षेत्र में हेल्थ कैंप, चिकित्सा दल, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।

मंदिर में प्रवेश-निकास और कतार व्यवस्था की समीक्षा

बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी को लेकर हेल्थ कैंप का जायजा लेते डीएम व एसएसपी

इसके बाद डीएम और एसएसपी ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तंत्र और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई।

यह भी पढ़ें: मढ़ौरा के नए एसडीओ बने सैयद आदिल मोहसीन, बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अगले दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतते हुए विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सेवाओं समेत सभी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।

यह भी पढ़ें: पटना में अनोखा मामला: शिक्षक ने उठाया कर्मी का हेलमेट, DEO का नोटिस

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सोनपुर, अंचलाधिकारी सोनपुर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सोनपुर तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ