पानापुर में एक ही रात दो घरों में चोरी, करीब 30 लाख के गहने-नकदी ले गए चोर
छपरा, 21 सितंबर। सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के धेनुकी गांव में रविवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान दोनों घरों में परिवार के लोग सो रहे थे। बताया जा रहा है कि चोरों ने सो रहे लोगों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से सुराग जुटाने का प्रयास किया है।
जानकारी के अनुसार, चोर सबसे पहले धेनुकी गांव निवासी उमेश राय के घर में छत के रास्ते दाखिल हुए। परिवार के सदस्य जिस कमरे में सो रहे थे, उसे बाहर से बंद करने के बाद चोरों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे आभूषण व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
रात करीब 12 बजे उमेश राय शौच के लिए उठे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित परिवार के अनुसार, घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी हुए हैं।
इसके बाद चोरों ने करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित सुग्रीव राय के घर को निशाना बनाया। बताया जाता है कि चोर पिछले दरवाजे से घर में दाखिल हुए और सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें: भाषा, नफरत और विभाजन: हिंदी दिवस पर सांसद मनोज झा का वैचारिक आलेख
स्थानीय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ