Advertisement

जनगणना 2027: सारण में दूसरे चरण की तैयारी शुरू, 121 कर्मियों को प्रशिक्षण

जनगणना 2027: अब घरों की नहीं, लोगों की होगी गिनती; सारण में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी शुरू

छह नवंबर तक चार चरणों में चलेगा प्रशिक्षण, पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना

सारण में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी।

छपरा। जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर सारण जिले में अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो गया। जिला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस प्रशिक्षण के तहत छह नवंबर तक चार चरणों में कुल 121 अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसंख्या परिगणना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक की गई तैयारियां जनगणना के मुख्य कार्य की भूमिका थीं। दूसरे चरण में वास्तविक रूप से जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसमें लोगों की संख्या के साथ उनकी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति से संबंधित जानकारियां एकत्र की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में मदद मिलती है।

पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार भारत में पहली बार पूर्णतः डिजिटल जनगणना कराई जा रही है। इसके लिए विशेष पोर्टल और जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली विकसित की गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इन तकनीकी व्यवस्थाओं को गंभीरता से समझने तथा प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक अभ्यास करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण जितना बेहतर होगा, जनगणना का कार्य उतना ही सटीक और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा। जिलाधिकारी ने अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार को प्रत्येक दिन प्रशिक्षण के बाद क्षमता आकलन के लिए परीक्षा आयोजित कराने का निर्देश भी दिया।

चार चरणों में 121 अधिकारियों-कर्मियों को प्रशिक्षण

जिलाधिकारी के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर से छह नवंबर तक चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक प्रशिक्षण चलेगा। निदेशालय स्तर से प्रतिनियुक्त जिला नोडल अदिति आनंद और सहयोगी आयुषी सिंह मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण दे रही हैं।

पहले चरण में 30 और 31 अक्टूबर को 36 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी शामिल हैं।

दूसरे चरण में एक और दो नवंबर को 21 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें नगर निगम छपरा के सहायक चार्ज अधिकारी और जिले के सभी 20 ग्रामीण क्षेत्रों के सहायक चार्ज अधिकारी शामिल होंगे। सोनपुर नगर परिषद और नगर पंचायतों के सहायक चार्ज अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

तीसरे चरण में तीन और चार नवंबर को 32 कर्मियों को प्रशिक्षण मिलेगा। इनमें जिला स्तर के नियमित लिपिक, सभी प्रखंडों के सहायक लिपिक और नगर निकायों के नियमित सहायक लिपिक शामिल हैं।

वहीं, पांच और छह नवंबर को चौथे एवं अंतिम चरण में 32 तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें जिला, प्रखंड और नगर निकाय स्तर के तकनीकी सहायक शामिल होंगे। सभी तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण के दौरान अपना लैपटॉप साथ लाने का निर्देश दिया गया है।

पहले चरण में पूरा हो चुका है मकान सूचीकरण

जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूरा हो चुका है। इसके तहत 17 अप्रैल से एक मई 2026 तक लोगों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद दो मई से 31 मई 2026 तक प्रगणकों ने घर-घर जाकर मकानों की सूची तैयार की और संबंधित जानकारियां एकत्र कीं।

अब दूसरे चरण के तहत जनसंख्या परिगणना की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जनसंख्या से जुड़े आंकड़ों का सटीक संकलन किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ