Advertisement

मशरक में पुजारी की हत्या, सड़क किनारे मिला शव

सुबह सड़क किनारे मिला शिव चर्चा करने वाले पुजारी का शव, सिर में मारी गई थी गोली

मशरक के सेरूकहा गांव में 37 वर्षीय रवि प्रकाश की हत्या से सनसनी, ईंटों के ढेर के पास मिला शव; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

मशरक के सेरूकहा गांव में पुजारी की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस।

छपरा, 30 अक्टूबर। सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में शुक्रवार की सुबह शिव चर्चा करने वाले एक पुजारी का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी। मृतक की पहचान स्व. वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में हुई है। उनके सिर में गोली मारी गई थी। शव गांव में मकान निर्माण के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास मिला।

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं गोबर फेंकने जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान रवि प्रकाश के रूप में हुई। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीएसपी मढ़ौरा-2 संजय कुमार सुधांशु, मशरक के अंचल पुलिस निरीक्षक इंद्रजीत महंतों और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रवि प्रकाश शिव चर्चा करते थे। इसके अलावा वह धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। वह शादीशुदा थे, लेकिन करीब चार साल पहले उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।

यह भी पढ़ें: सारण शिक्षक MLC चुनाव: 10 प्रस्तावकों के बाद भी 4 प्रत्याशियों का खाता नहीं खुला

डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। एफएसएल टीम को बुलाया गया है। हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी विवाद समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद सेरूकहा गांव में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें: छपरा: रिविलगंज में चाकूबाजी घटना का सफल उद्भेदन, मुख्य आरोपी नीरज कुमार गिरफ्तार |

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ