नवनिर्वाचित विधान पार्षद राहुल राज ने सांसद रूडी संग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात, शिक्षकों की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया
छपरा (सारण): सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने शनिवार को सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। मुलाकात में शिक्षक समुदाय के सम्मान, अधिकार और हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना के बाद डॉ. राहुल राज सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद निर्वाचित हुए थे। उन्होंने चुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर को पराजित किया था। निर्वाचन के बाद शिक्षकों की समस्याओं और उनकी लंबित मांगों को लेकर उनकी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान राहुल राज ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, सेवा संबंधी मुद्दों और वर्षों से लंबित मांगों से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज लंबे समय से अपनी जायज मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहा है। शिक्षकों को उनका उचित अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए इन समस्याओं पर सरकार का सकारात्मक हस्तक्षेप जरूरी है।
बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों की समस्याओं और जायज मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षक समाज के हितों के लिए प्रतिबद्धता जताई
मुलाकात के बाद नवनिर्वाचित विधान पार्षद राहुल राज ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में ठोस पहल होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनके अधिकार और भविष्य की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह भी पढ़ें: सारण शिक्षक MLC चुनाव में डॉ. राहुल राज विजयी, मिला प्रमाणपत्र
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के हित में उनका प्रयास और प्रतिबद्धता किसी व्यक्तिगत उद्देश्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शिक्षक समाज के सम्मान, अधिकार और कल्याण के लिए है। शिक्षकों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राहुल राज ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं को सरकार और संबंधित मंचों पर लगातार उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें: छपरा कोर्ट में पेश हुए राहुल, तेजस्वी और मुकेश सहनी के अधिवक्ता, 15 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई


0 टिप्पणियाँ