विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्य आज लेंगे शपथ, सारण के राहुल राज भी होंगे शामिल
पटना। बिहार विधान परिषद के चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित आठ नए सदस्य सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह विधान परिषद उपभवन के सभागार में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा।
विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इस संबंध में विधान परिषद सचिवालय की ओर से सूचना जारी कर सभी सदस्यों को निर्धारित समय पर समारोह में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत
इन आठों सीटों के निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल बीते 16 नवंबर को ही समाप्त हो चुका है। ऐसे में नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार विधान परिषद में नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ ही सभी आठ सदस्य सदन की कार्यवाही में अपनी विधायी जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू करेंगे।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चार सदस्य निर्वाचित
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से पटना सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार, दरभंगा से जनसुराज पार्टी के सुरेश राय, तिरहुत से भाजपा के नरेंद्र सिंह और सारण से निर्दलीय डॉ. राहुल राज निर्वाचित हुए हैं। इन चारों सदस्यों को सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भी चार नए चेहरे
वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से पटना में जदयू के नीरज कुमार, तिरहुत में निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी, दरभंगा में राजद के अनिल कुमार झा और कोसी में भाजपा के डॉ. एनके यादव ने जीत दर्ज की है। ये सभी सदस्य भी शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
यह भी पढ़ें: सोनपुर को इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास पर 1000 करोड़ खर्च का लक्ष्य: सम्राट चौधरी
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज करने वाले डॉ. राहुल राज के शपथ ग्रहण पर जिले के राजनीतिक और शैक्षणिक क्षेत्र की भी नजर रहेगी।

0 टिप्पणियाँ