Advertisement

सोनपुर को इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास पर 1000 करोड़ खर्च का लक्ष्य: सम्राट चौधरी

सोनपुर को इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास पर 1000 करोड़ खर्च का लक्ष्य: सम्राट चौधरी

सोनपुर मेला को ट्रेड फेयर के रूप में विकसित करने, सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ और गंगा पर एक्सप्रेस-वे बनाने की घोषणा

सोनपुर मेले का उद्धाटन करते मुख्यमंय्री सम्राट चौधरी

सोनपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर और बिहार के विकास को लेकर कई बड़े लक्ष्य सामने रखे। उन्होंने सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने, टाउनशिप विकसित करने, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये की योजना, सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ तथा गंगा के ऊपर एक्सप्रेस-वे बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर मेले को केवल पशुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित रखने के बजाय संस्कृति, सभ्यता, व्यापार और उद्योग से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की जरूरत है।

सोनपुर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में सोनपुर मेले का उद्घाटन करने के दौरान उन्होंने महसूस किया था कि पटना के इतने करीब विश्व प्रसिद्ध मेला आयोजित होता है, लेकिन इसकी संभावनाओं का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पा रहा है। अब सोनपुर को नए रास्तों से जोड़ने और इसकी पहचान को व्यापक बनाने की जरूरत है।

उन्होंने सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य बताते हुए कहा कि बिहार की मिट्टी में पैदा होने वाली उपज और यहां निर्मित उत्पादों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था विकसित की जाएगी। फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने और डॉलर में कारोबार करने की दिशा में काम किया जाएगा।

सोनपुर में टाउनशिप और जमीन अधिग्रहण

मुख्यमंत्री ने सोनपुर के विकास के लिए जमीन अधिग्रहण और टाउनशिप निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टाउनशिप को लेकर लोगों के बीच बनी भ्रांतियों को दूर करने के लिए सांसद राजीव प्रताप रूडी लगातार संवाद कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में लोगों के साथ जबरदस्ती नहीं की जाएगी। जनता को लोकतंत्र में मालिक बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के सेवक हैं और लोगों के सहयोग से ही सरकार काम करती है।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर के लिए करीब एक हजार करोड़ की योजना

सोनपुर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये की योजना बनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि सोनपुर के विकास के लिए लगभग 680 करोड़ रुपये की योजनाएं भी निर्धारित की गई हैं। जमीन अधिग्रहण की जरूरत पड़ने पर टोपोलैंड की राशि देने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ की कृपा से सोनपुर और बिहार को तरक्की के रास्ते पर आगे ले जाने का प्रयास किया जाएगा। धार्मिक विरासत के साथ विकास को जोड़कर सोनपुर के इतिहास और विश्व प्रसिद्ध मेले को नई पहचान दिलाई जाएगी।

गंगा पर एक्सप्रेस-वे, सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ

बिहार में बाढ़ की समस्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने गंगा, गंडक और नारायणी नदी में गाद निकालने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इस बार बाढ़ की स्थिति और सारण के अमनौर तक पानी पहुंचने से सरकार ने महसूस किया है कि नदियों के गाद प्रबंधन और बाढ़ से बचाव पर गंभीरता से काम करना होगा।

उन्होंने गंगा के ऊपर एक्सप्रेस-वे बनाने, गंगा अंबिका पथ विकसित करने तथा सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, रेलवे, जलमार्ग और हवाई मार्ग, चारों परिवहन माध्यमों को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। जलमार्ग के माध्यम से बिहार को हल्दिया और कोलकाता से जोड़ने की भी योजना है।

सोनपुर-हाजीपुर पुल का फोरलेन अगले जून से पहले चालू करने का आश्वासन

मुख्यमंत्री ने सोनपुर और हाजीपुर के बीच पुल के फोरलेन निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि लोग लंबे समय से इसके चालू होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले जून से पहले इस पुल को चालू करने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से बदलाव हो रहा है। राज्य के किसी भी कोने से पटना पहुंचने में अब लगभग पांच घंटे का समय लग रहा है। आने वाले समय में सड़क और परिवहन सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने युवाओं को बिहार में ही रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को बेहतर नौकरी के लिए बाहर जाने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन उन्हें मजदूरी करने के लिए मजबूर होकर बाहर नहीं जाना पड़े। इसके लिए राज्य में उद्योग, MSME और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों के विकास के लिए निवेश आकर्षित किया जा रहा है। हाल में सवा दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कई जिलों में सीमेंट उद्योग शुरू होने और निर्माण कार्य जारी रहने की जानकारी दी।

बिहार में 50 लाख करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने अगले पांच वर्षों में बिहार की धरती पर 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्य के बजट से लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन बिहार को समृद्ध बनाने के लिए उद्योग-धंधों का विकास जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बिहार में उद्यमियों को तैयार किया जाएगा और युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने का प्रयास होगा, ताकि रोजगार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो।

50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने और दूध उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने का लक्ष्य भी बताया। उन्होंने दूध उत्पादन बढ़ाने की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में दूध उत्पादन को बढ़ाकर वर्ष 2030 तक एक करोड़ लीटर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सोनपुर मेले को ट्रेड फेयर के रूप में विकसित किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर मेले की पुरानी परंपरा जारी रहेगी, लेकिन अब इसे नए स्वरूप में विकसित करने का समय आ गया है। मेले में बिहार की संस्कृति, सभ्यता, कृषि उत्पाद, स्थानीय उद्योग और व्यापार को एक मंच पर लाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सोनपुर मेले को ट्रेड फेयर के रूप में विकसित किया जाएगा और बिहार के अन्य मेलों को भी इससे जोड़ने का प्रयास होगा। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा, व्यापार बढ़ेगा और बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बिहार के बजट में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1981 में जब वे पटना आए थे, तब बिहार और झारखंड संयुक्त थे और राज्य का बजट लगभग छह हजार करोड़ रुपये था। वर्ष 2024 में बिहार का बजट बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये हो गया था। उन्होंने कहा कि बिहार की सड़कें, आधारभूत संरचना और विकास की तस्वीर बदल चुकी है।

यह भी पढ़ें: सोनपुर आइडल सीजन-2 का ऑडिशन शुरू, विजेता को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को विकसित बनाने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा। बाबा हरिहरनाथ की कृपा से सोनपुर मेले को विकसित स्वरूप देने और बिहार को समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ