बांकीपुर में आज मतदान, भाजपा के गढ़ में प्रशांत किशोर की बड़ी चुनौती
पटना, 30 जुलाई | बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस सीट पर कुल 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतगणना 3 अगस्त को होगी।
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। इस सीट का प्रतिनिधित्व कई वर्षों तक भाजपा नेता नितिन नवीन और उनसे पहले उनके पिता करते रहे। नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट रिक्त हुई, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
हालांकि, इस बार मुकाबला पहले की तुलना में अधिक दिलचस्प माना जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का चुनाव मैदान में उतरना है। उनके चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद से ही बांकीपुर उपचुनाव पूरे बिहार की राजनीति का केंद्र बन गया है।
मुख्य मुकाबला एनडीए की ओर से भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। भाजपा जहां अपने परंपरागत गढ़ को बचाए रखने की कोशिश में है, वहीं प्रशांत किशोर इस सीट पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने की चुनौती का सामना कर रहे हैं।
मतदान के दौरान जन सुराज ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के किदवईपुरी स्थित बूथ संख्या 101, 102 और 103 पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी कुछ लोगों के साथ बूथों पर दबंगई कर रहे हैं।
वहीं, जन सुराज के संस्थापक एवं पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जहां-जहां जन सुराज के समर्थक मतदान करने पहुंच रहे हैं, वहां पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कल शाम से ही 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया कि भाजपा चुनाव में पिछड़ रही है, इसलिए पुलिस के माध्यम से मतदाताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: मनमोहन सिंह को मरणोपरांत क्लीन चिट, सुप्रीम कोर्ट ने CBI रिपोर्ट स्वीकार की
दूसरी ओर, भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि हार सामने देखकर प्रशांत किशोर के समर्थक फर्जी मतदाताओं से मतदान कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के सत्यापन की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने की अपील कीहै।
हालांकि, जन सुराज और भाजपा के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। खबर लिखे जाने तक निर्वाचन आयोग या जिला प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। अब सभी की नजर शाम तक के मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी है, जो तय करेंगे कि बांकीपुर की जनता इस बार किस पर भरोसा जताती है।
यह भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा का महत्व: भारतीय गुरु परंपरा और भगवा ध्वज

0 टिप्पणियाँ