18वीं राज्य स्तरीय रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, ITT स्पर्धा में 250 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
गरखा (सारण), 19 जुलाई | सारण साइक्लिंग संघ के तत्वावधान में आयोजित 18वीं राज्य स्तरीय रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का शनिवार को गरखा के रेपुरा चौक से कटसा चौक तक आयोजित इंडिविजुअल टाइम ट्रायल (ITT) स्पर्धा के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में बिहार के लगभग सभी जिलों से आए करीब 250 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी गति, तकनीकी दक्षता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने निर्धारित दूरी को व्यक्तिगत रूप से तय कर समय के आधार पर प्रतिस्पर्धा की। ITT स्पर्धा में प्रत्येक खिलाड़ी ने अकेले निर्धारित दूरी पूरी की और उसके समय के आधार पर परिणाम तय किए गए। विभिन्न वर्गों में विजेता खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। इस स्पर्धा में सारण जिले के दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी
प्रतियोगिता का शुभारंभ सारण सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार, मरौढ़ा अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज, भेल्दी थाना अध्यक्ष, गढ़खा थाना अध्यक्ष तथा जिले के अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ पहला दिन
पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात की बेहतर व्यवस्था की गई। स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्वयंसेवकों का सहयोग सराहनीय रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे प्रतियोगिता का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।
यह भी पढ़े : राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा तोड़े जाने पर छपरा में रोष, वीरेन्द्र नारायण यादव की अध्यक्षता में बैठक
प्रतियोगिता के प्रथम दिन के सफल आयोजन के बाद सारण साइक्लिंग संघ ने सभी प्रतिभागियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। संघ ने कहा कि सभी के सहयोग से प्रतियोगिता का पहला दिन सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
यह भी पढ़े: छपरा का राजेन्द्र पार्क: बच्चों के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन, सिर्फ ₹10 में खेल, फिटनेस और हरियाली का आनंद



0 टिप्पणियाँ