नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन से पहले अलर्ट पर प्रशासन, भगवान बाजार थाना में कोचिंग संचालकों की बैठक; पुलिस ने दंगा नियंत्रण का किया अभ्यास
छपरा, 24 जुलाई | देशभर में नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 25 जुलाई को छपरा में प्रस्तावित छात्र-जन पदयात्रा एवं प्रदर्शन को लेकर सारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने एक ओर कोचिंग संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, वहीं दूसरी ओर प्रशिक्षु सिपाहियों को दंगा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया।
गुरुवार को भगवान बाजार थाना परिसर में पुलिस प्रशासन ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। कोचिंग संचालकों से अपील की गई कि वे छात्रों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
इसी दिन सारण पुलिस केंद्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रशिक्षु सिपाहियों को दंगा नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग, भीड़ नियंत्रण, दंगा निरोधी फॉर्मेशन तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई का अभ्यास कराया गया। साथ ही उन्हें विधिसम्मत, संयमित एवं अनुशासित तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
यह भी पढ़े : छपरा छात्र मार्च 25 जुलाई: नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन
गौरतलब है कि 25 जुलाई को छपरा में आयोजित छात्र-जन पदयात्रा के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा तथा जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसमें किसी भी राजनीतिक दल का बैनर या झंडा शामिल नहीं होगा।
यह भी पढ़े : छपरा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन


0 टिप्पणियाँ