छपरा में 25 जुलाई को छात्रों का विशाल मार्च, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन
छपरा, 24 जुलाई | देशभर में नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 25 जुलाई को छपरा में विशाल छात्र-जन पदयात्रा एवं प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पदयात्रा के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा तथा जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा सुबह 11:30 बजे अंबेडकर भवन (जिला स्कूल के सामने) से शुरू होकर डाकबंगला रोड, नगर थाना चौक होते हुए नगर पालिका चौक तक पहुंचेगी। वहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न छात्रहित से जुड़ी मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसमें किसी भी राजनीतिक दल का बैनर या झंडा नहीं रहेगा। केवल राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के साथ छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक इसमें शामिल होंगे।
यह भी पढ़े : छपरा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन
उधर, देशभर में बढ़ रहे विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सारण प्रशासन भी सतर्क हो गया है। इसी को लेकर गुरुवार को नगर थाना परिसर में कोचिंग संचालकों की बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रशासन ने कोचिंग संचालकों से छात्रों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़े: छपरा: छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग मामले में शिक्षक गिरफ्तार, स्कूल ने किया निलंबित

0 टिप्पणियाँ