चर्चित अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की हत्या का खुलासा, मुख्य शूटर समेत चार गिरफ्तार
छपरा, 20 जुलाई | सारण पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में चर्चित अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के अहम गवाह पंकज कुमार राय की हत्या के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य शूटर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गवाह होने के कारण चर्चा में आया था मामला
बता दें कि 28 जून 2026 की रात पंकज कुमार राय अपने साथी मनीष राय के साथ एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम मेथवलिया के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से पंकज कुमार राय की मौत हो गई, जबकि मनीष राय पर भी जानलेवा हमला किया गया।
यह भी पढ़े : बुडको के नाला निर्माण पर मेयर ने उठाए सवाल, जांच की मांग
पंकज कुमार राय वर्ष 2024 में हुए चर्चित अधिवक्ता राम अयोध्या राय एवं उनके पुत्र अधिवक्ता सुनील कुमार राय हत्याकांड के अहम गवाह थे। उनकी गवाही न्यायालय में पुलिस सुरक्षा के बीच कराई गई थी। ऐसे में उनकी हत्या ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी।
एसआईटी ने ऐसे किया मामले का खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार बरामद, चार आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में नंदन उर्फ करीमन (मुख्य शूटर), निखिल कुमार, कुंदन कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़े : छपरा में डबल मर्डर केस के गवाह पंकज राय की गोली मारकर हत्या, अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड से जुड़ा मामला

0 टिप्पणियाँ