छपरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन, इस्तीफे की मांग
छपरा, 20 जुलाई | प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में सोमवार को छपरा में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) तथा जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का जुलूस जिला परिषद मैदान से निकला, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर निगम चौक पहुंचा। यहां युवा नेता विकास तिवारी की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गी।
यह भी पढ़े : अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह पंकज राय की हत्या का खुलासा, 4 गिरफ्तार
सभा को संबोधित करते हुए SFI के जिला सचिव देवेंद्र कुमार ने केंद्र सरकार पर प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
वहीं जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा के जिला नेता पप्पू यादव ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की।
यह भी पढ़े :बुडको के नाला निर्माण पर मेयर ने उठाए सवाल, जांच की मांग
सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
प्रदर्शन में रोहित राज, सूरज यादव, अर्जुन सिंह, गगन, राज प्रकाश, राजू मुखिया, विकास, अमन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।


0 टिप्पणियाँ