Advertisement

छपरा में 8-9 जुलाई को होगा परमहंस दयाल समाधि स्मृति समारोह, नंदपुर से निकलेगी विशाल पदयात्रा

छपरा में 8-9 जुलाई को होगा परमहंस दयाल समाधि स्मृति समारोह, नंदपुर से निकलेगी विशाल पदयात्रा

छपरा, 07 जुलाई | प्रेमाद्वैत दर्शन के प्रवर्तक एवं विश्ववंद्य संत परमहंस दयाल श्री श्री 1008 अद्वैतानंद जी महाराज की पावन समाधि स्मृति में 8 एवं 9 जुलाई को छपरा में दो दिवसीय 'परमहंस दयाल समाधि स्मृति समारोह एवं पदयात्रा-2026' आयोजित किया जाएगा. इसकी जानकारी सोमवार को ब्रह्म विद्यालय एवं आश्रम, रौजा में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई.

परमहंस दयाल समाधि स्मृति समारोह 2026 की जानकारी देते महात्मा व्यासानंद जी

समारोह के आयोजक महात्मा व्यासानंद जी ने बताया कि यह आयोजन इस वर्ष अपने आठवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है. उन्होंने कहा कि परमहंस दयाल जी महाराज का जन्म सारण की पावन धरती पर हुआ था तथा उनका पालन-पोषण, गुरु-मिलन और ज्ञान-प्राप्ति भी इसी क्षेत्र से जुड़ी रही. उनके जीवन, कृतित्व और प्रेमाद्वैत दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में उनके समाधि शताब्दी वर्ष पर इस आयोजन की शुरुआत की गई थी, जो अब प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है.

8 जुलाई को राजेंद्र स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

आयोजकों के अनुसार 8 जुलाई को सुबह 8 बजे से राजेंद्र स्टेडियम, छपरा में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा. इसके बाद सुबह 10 बजे से प्रवचन एवं व्याख्यानमाला आयोजित होगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले संत, विद्वान और विशिष्ट अतिथि परमहंस दयाल जी महाराज के जीवन, सिद्धांतों और प्रेमाद्वैत दर्शन पर अपने विचार रखेंगे. श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसाद की भी व्यवस्था रहेगी.

9 को नंदपुर से निकलेगी विशाल पदयात्रा

9 जुलाई को सुबह 5:30 बजे ब्रह्म विद्यालय एवं आश्रम, नंदपुर (मांझी) से स्वामी श्री सत्यानंद जी महाराज 'परमहंस' के सान्निध्य में विशाल पदयात्रा निकलेगी. नंदपुर परमहंस दयाल जी महाराज की जन्मस्थली एवं ननिहाल के रूप में जाना जाता है.

पदयात्रा कोपा, देवरिया, टेकनिवास, ब्रह्मपुल और दहियावां होते हुए परमहंस दयाल जन्मभूमि मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद यात्रा राजेंद्र स्टेडियम, थाना चौक, कटहरी बाग, गांधी चौक और भिखारी चौक से होते हुए ब्रह्म विद्यालय एवं आश्रम, रौजा में संपन्न होगी.

यह भी पढ़े: 10 वीं/ 12वीं बोर्ड परीक्षा पंजीकरण के लिए APAR ID जरूरी

देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

आयोजकों के अनुसार समारोह और पदयात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए नंदपुर और रौजा स्थित आश्रमों में श्रद्धालुओं के लिए पंडाल, भोजन-प्रसाद तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.

प्रेस वार्ता में महात्मा ओंकारानंद जी, महात्मा स्रष्टानंद जी एवं महात्मा निर्मलप्रकाशानंद जी उपस्थित रहे. समाजसेवी डॉ. राणा यशवंत प्रताप सिंह ने अधिक से अधिक लोगों से समारोह एवं पदयात्रा में शामिल होने की अपील की.

#Chapra #Saran #ParamhansDayal #SamadhiSmriti #Padyatra2026

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ