Advertisement

सारण में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की समीक्षा, MRF, STP और कम्पोस्ट प्लांट के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश

सारण में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की समीक्षा, MRF, STP और कम्पोस्ट प्लांट के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश

#छपरा, 01 जुलाई | स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत नगर निकायों में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और कम्पोस्ट प्लांट की स्थापना के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित अंचल अधिकारियों और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।

Saran DM reviews Swachh Bharat Mission 2.0 meetin

सभी 10 नगर निकायों की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में जिले के सभी 10 नगर निकायों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि नगर निगम छपरा सहित सभी नगर निकायों में MRF और कम्पोस्ट प्लांट का निर्माण कराया जाएगा। वहीं अधिकांश नगर निकायों के लिए STP की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि मशरक, मांझी और कोपा के लिए फिलहाल स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है।

सरकारी भूमि नहीं मिलने पर सतत लीज पर होगी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि MRF और कम्पोस्ट प्लांट के निर्माण के लिए एक ही स्थान पर उपयुक्त भूमि चिन्हित कर शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। जहां सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां सतत लीज (Perpetual Lease) के आधार पर निजी भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इच्छुक रैयतों से बातचीत कर संबंधित अंचल अधिकारी प्रस्ताव भेजेंगे।

Saran DM reviews Swachh Bharat Mission 2.0 meetin

साथ ही नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सतत लीज के तहत भूमि के दर निर्धारण के लिए प्रस्ताव अपर समाहर्ता को भेजें, ताकि गठित समिति द्वारा उचित दर तय की जा सके।

आवश्यकता पड़ने पर होगा भू-अर्जन

डीएम ने स्पष्ट किया कि जिन नगर निकायों में सतत लीज के माध्यम से भी भूमि उपलब्ध नहीं हो पाएगी, वहां भू-अर्जन की प्रक्रिया अपनाकर भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

जलालपुर में भूमि चिन्हित, कोपा में तलाश जारी

समीक्षा के दौरान बताया गया कि छपरा नगर निगम के लिए जलालपुर में भूमि चिन्हित कर ली गई है। नगर पंचायत मांझी के लिए भी भूमि उपलब्ध है, जबकि नगर पंचायत कोपा में अभी तक उपयुक्त भूमि चिन्हित नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने ऐसे सभी नगर निकायों में शीघ्र भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत प्रस्तावित सभी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और भूमि उपलब्धता से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं बिना किसी विलंब के पूरी की जाएं।

यह भी पढ़े : राम जानकी पथ परियोजना: सारण मे भू- अर्जन कैंप का DM ने किया निरीक्षण

बैठक में अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त छपरा नगर निगम, सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि संबंधित अंचल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

#Saran #Chhapra #SwachhBharatMission #Urban2.0 #MRF #STP #CompostPlant 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ