श्रावणी मेला 2026: पुराने गंडक पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद, भारी वाहनों का बदला रूट
हाजीपुर/सोनपुर, 29 जुलाई | कल से शुरू हो रहे श्रावणी मेला 2026 को लेकर सोनपुर-हाजीपुर के बीच यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। कांवड़िया श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को देखते हुए पुराने गंडक पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यह पुल केवल पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। सोनपुर और हाजीपुर के बीच वाहनों के आवागमन के लिए नए गंडक पुल का उपयोग करना होगा। साथ ही, श्रावण मास के दौरान निर्धारित दिनों में भारी वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
पुराने गंडक पुल की स्थिति को लेकर पथ प्रमंडल, हाजीपुर के कार्यपालक अभियंता द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण के बाद इसे केवल हल्के वाहनों के उपयोग के लिए अनुशंसित किया गया था। श्रावणी मेले के दौरान पहलेजा घाट और कालीघाट से जल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर जाने वाले कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
पुराने गंडक पुल पर क्या रहेगा नियम?
श्रावणी मेला के दौरान:
- पुराने गंडक पुल से सोनपुर से हाजीपुर और हाजीपुर से सोनपुर सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- पुल का इस्तेमाल केवल पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं द्वारा किया जा सकेगा।
- सोनपुर-हाजीपुर के बीच वाहनों को नए गंडक पुल से जाना होगा।
नए गंडक पुल पर भी भारी वाहनों पर रोक
प्रशासन के अनुसार 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार से सोमवार तक नए गंडक पुल पर हाजीपुर और सोनपुर के बीच भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए इस दौरान विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया जाएगा। व्यवस्था की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर एवं सोनपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हाजीपुर एवं सोनपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), वैशाली द्वारा की जाएगी।
छपरा से हाजीपुर जाने वाले भारी वाहनों का रूट
छपरा की ओर से हाजीपुर जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से जाना होगा:
छपरा → शीतलपुर (दिघवारा) → परसा → मकेर → रेवाघाट → बखरा चौक → वैशाली → लालगंज → अंजानपीर → हाजीपुर
इन भारी वाहनों का हाजीपुर शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पटना से आने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
पटना से महात्मा गांधी सेतु होकर आने वाले भारी वाहन रामाशीष चौक नहीं जाएंगे। उन्हें निम्न रूटमार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
बीएसएनएल गोलंबर → फ्लाईओवर → अंजानपीर → लालगंज → वैशाली → बखरा चौक → रेवाघाट → परसा → शीतलपुर → छपरा/मुजफ्फरपुर
यह भी पढ़े: श्रावणी मेला 2026: कल से सावन, पहलेजा घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में
वाहन चालकों से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर श्रावणी मेला 2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें।
यह भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा का महत्व: भारतीय गुरु परंपरा और भगवा ध्वज

0 टिप्पणियाँ